Saturday 20 August 2016

परदे की दुनिया में बिखरते असली रिश्ते


- एकता शर्मा 

   फिल्मों की ही तरह फ़िल्मी दुनिया के लोगों की जिंदगी भी उतार-चढ़ाओ से भरी होती है! कौनसी फिल्म हिट हो और कौनसी फ्लॉप हो जाए, ये कोई दावा नहीं कर सकता! यही स्थिति फिल्मवालों की जिंदगी में भी होती है! किसकी जोड़ी कब तक बनी रहेगी, कब टूटेगी ये बात भी तय नहीं है। रिश्तों के टूटने और बिखरने का जो सीन इन दिनों आकार ले रहा है, वही इस चमचमाती जिंदगी का असली सच है। रिश्ते रूठ भी रहे हैं और टूट भी रहे हैं। दरअसल, जीवन में मिली सफलता और सफलता से आगे की चाहत ही इन रिश्तों दीवार के दरकने का सबसे बड़ा कारण है। जीवन में सफलता की चाह अच्छी बात है और मशहूर होना भी। मुश्किल यह है कि ये दोनों हमेशा साथ नहीं रहते। एक दिन दोनों को खत्म होना ही है। फ़िल्मी लोग जब नए रिश्ते बनाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाते हैं, तो रिश्तों के साथ-साथ दिल की दीवारों में भी दरारें जनम ले लेती हैं। सिनेमाई संसार की ताजा तस्वीर भी इस ही कुछ कहती है।  
000000

   रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ की मोहब्ब्त का रंग चढ़ने से पहले ही उतर गया! रिचा चड्ढा ने अपने फ्रेंच प्रेमी से प्यार का ऐलान किया और शादी की तैयारियां भी शुरू कीं, लेकिन सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई। मलाइका अरोड़ा के भी पति अरबाज खान के बीच भी तनाव बना हुआ है। अंकिता लोखंडे और सुशांत सिंह राजपूत के बीच 6 साल बाद ब्रेकअप हो गया! सोहेल खान की पत्नी सीमा भी घर छोड़कर अपने माता पिता के पास पहुंच गई हैं। करिश्मा कपूर ने पति संजय कपूर से अलग होने के बाद मुकदमा कर दिया! चर्चा है कि दोनों पक्ष तलाक के लिए राजी है। फरहान अख्तर और उनकी पत्नी अधुना ने भी अपने अलग रास्ते चुन लिए हैं। जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया रुंचाल की शादी भी टूटने की कगार पर है। पुलकित सम्राट और पत्नी रोहिरा के बीच भी दरारें आ गई!  
  सिनेमा के संसार में सालों पुराने रिश्ते अपना अस्तित्व खो रहे हैं। तलाक के तेवर तीखे हैं और ब्रेकअप भी बहार पर है। माना कि इन दिनों पतझड़ का मौसम है। हर पेड़ के पत्ते गिरते नजर आ रहे हैं। लेकिन, असली जिंदगी के संबंधों का यूं पतझड़ सा बिखरना और दिल की दीवारों के दरकने का यह सैलाब सिरहन पैदा कर रहा है। जिधर देखो उधर, रिश्ते टूटते-बिखरते नजर आ रहे हैं। किसी का दिल दरक गया, तो किसी का रिश्ता रूठ गया। किसी ने अपना रास्ता अलग चुनने के लिए कोर्ट में अर्जी दे दी है तो फूल जैसे रिश्तों रंग अपने असली अंदाज में आने से पहले ही बिखर रहे हैं।
  जॉन अब्राहम और प्रिया रुंचाल की शादी को अभी दो साल ही हुए हैं कि मामला बिखर गया। बिपाशा बसु के साथ जॉन अब्राहम के अफेयर ने करीब एक दशक तक खूब सुर्खियां बटोरी। जॉन ने प्रिया से शादी कर ली। मगर मन तो मन है, एक से भर गया तो दूसरे पर अटका थोड़े ही रहेगा। सो, अब प्रिया और जॉन, दोनों का एक दूसरे से मन भर गया है। दोनों अलग हो गए हैं। बिपाशा बसू भी जॉन को भुलाकर करन ग्रोवर की हो गई! फरहान अख्तर और अधुना के बीच सब कुछ ठीक ठाकचल रहा था, लेकिन हाल ही में इनका भी तलाक हो गया है। करण जौहर की पार्टी में फरहान अख्तर अदिती की बांहों में बांहे डाले पहुंचे तो अधूना के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने फरहान से अलग होने का फैसला किया। फरहान अख्तर और अधुना ने अपनी 15 साल पुरानी शादी टूटने के बाद भले ही मौन धारण कर लिया हो। लेकिन रिश्ता टूटने की वजह अदिती राव हैदरी ही हैं, यह पक्का हो गया है। पुलकित सम्राट और उनकी पत्नी रोहिरा में भी अनबन हो गई और दोनों अलग हो गए। इस शादी के टूटने के लिए यामी गौतम को जवाबदार माना जा रहा है। पुलकित से ‘सनम रे‘ की शूटिंग के दौरान यामी इतनी नजदीक आ गई कि रोहिरा को दूर होना पड़ा।
   सलमान खान तो खैर, 50 पार के होकर भी अब तक 'बजरंगी भाईजान' की मुद्रा में हनुमान चालीसा ही पढ़ रहे हैं। लेकिन उनके छोटे भाई अरबाज और मलाइका की शादी कोई 18 साल पहले ही हो गई थी। लेकिन, इतने सालों के बावजूद दोनों में दूरियां बढ़ गई हैं। रिश्ता दरक रहा है। सलमान के दूसरे भाई सोहेल और उनकी पत्नी सीमा के बीच भी दूरियां आ गई हैं। खबर आई है कि हुमा कुरैशी की वजह से सीमा अपने पति सोहेल का घर और उसके बेटे को छोड़कर अपने माता पिता के पास रहने चली गई हैं। रणवीर और कैटरीना 7 साल से साथ थे। दोनों का उठना, बैठना, रहना सब कुछ साथ-साथ ही था। लेकिन ऋषि कपूर और नीतू सिंह ने कैटरीना को अपनी बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। मामला जो भी हो, रिश्ता टूट ही गया!  
  विराट व अनुष्का इसी साल शादी के बंधन में बंधने वाले थे। लेकिन बंधने से पहले टूटने और फिर जुड़ने की खबरें हवा में है। शादी के लिए अनुष्का अभी तैयार नहीं हैं। रिचा चड्ढा साल भर पहले अपने फ्रांसिसी दोस्त से मिली थीं। शादी करने का फैसला किया, सो उन्होंने फ्रेंच सीखना भी शुरू किया था। रिचा बीच में कई बार फ्रांस भी गई, लेकिन व्यस्तता की वजह से अपने दोस्त से नहीं मिल पाई। जिसके बाद दोनों ने फैसला किया कि जो रिश्ता आकार ही नहीं ले पा रहा है, उसे खत्म कर देना चाहिए। इस रिश्ते के टूटने के अगले ही पल रिचा की लाइफ में हुमा कुरैशी के भाई साकिब सलीम आ गए। साकिब को अक्सर रिचा के साथ देखा जा सकता है। इससे पहले आमिर खान, सैफ अली खान, रितिक रोशन ने भी अपनी जीवन साथी के साथ रिश्ते तोड़कर नए रास्ते चुन लिए थे!
------------------------------​-------------------



No comments:

Post a Comment