Monday 4 April 2016

हालात से हारी ये फ़िल्मी हस्तियाँ

* एकता शर्मा 

  दिखने में फिल्म कलाकारों की ज़िंदगी बहुत ख़ूबसूरत दिखाई देती है। लेकिन, परदे पर नकली जिंदगी जीते-जीते वे असल मुश्किल हालातों से संघर्ष करना भूल जाते हैं! जब असल जीवन में कोई संकट आता है तो वे उसका मुकाबला नहीं कर पाते! इसका प्रमाण हैं ये फिल्म और टीवी हस्तियाँ जिन्होंने ज़िंदगी से हारकर आत्महत्या कर ली! इंसान अपने पूरे जीवन में हालातों से लड़ता हुआ ही आगे बढ़ता है! लेकिन, कई बार हालात ही इंसान को तोड़ देते हैं। ऐसे में वो हार मान जाता है। ये सच है कि ज़िंदगी बहुत कीमती होती है। वही इसकी कीमत समझ पाते हैं, जिनमें जीने का माद्दा होता हैं। 'बालिका वधु' सीरियल से लोकप्रिय हुई अभिनेत्री प्रत्युषा बैनर्जी की आत्महत्या ने इस प्रसंग को एक बार फिर छेड़ दिया है। 
000

- गुरुदत्त
  फिल्मों के ब्लैक एन्ड व्हाइट ज़माने में गुरुदत्त को ट्रेजिडी एक्टर कहा जाता था। प्यासा, साहब बीवी और गुलाम और चौदहवीं का चांद जैसी चर्चित फिल्मों के फिल्मकार गुरुदत्त ने भी अपने जीवन का अंत आत्महत्या से किया था। 1964 में गुरूदत्त मृत पाए गए थे। उन्होंने शराब और नींद की गोलियों का सेवन कर लिया था। ये बात अलग है कि गुरुदत्त के आत्महत्या का कारण ग्लैमर की दुनिया से निराशा नहीं, बल्कि पारिवारिक थी। वे पत्नी और अपने बीच दूरियों बढ़ने से डिप्रेशन में आ गए थे। आज भी ये बहस  कि गुरुदत्त की मौत हादसा थी या आत्महत्या? लेकिन उनके परिवार ने उनकी मौत को एक दुर्घटना ही कहा था। ऐसा भी कहा जाता है कि आत्महत्या के लिए गुरुदत्त का यह तीसरा प्रयास था। 
- मनमोहन देसाई
  अमिताभ बच्चन को एंग्री यंग मैन  का ख़िताब जिन फिल्मों से मिला, वे फिल्में  फिल्मकार ने बनाई थी! अमर अकबर एंथनी, कुली, परवरिश जैसी मशहूर फिल्मों का हिस्सा रहे, मनमोहन देसाई की मौत ने बॉलीवुड को चौंका दिया था। 1994 में मुंबई के ग्रांट रोड इलाके की बिल्डिंग में आपने फ्लैट से गिरकर उनकी मौत हो गई थी। उनकी मौत का असली कारण आज भी एक रहस्य बना हुआ हैं। ऐसा कहा जाता हैं कि फिल्मों के विफल रहने के कारण देसाई ने आत्महत्या कर ली।
- सिल्क स्मिता
  दक्षिण भारत की फ़िल्म इंडस्ट्री की सबसे सेक्सी कलाकार मानी जाने वाली सिल्क स्मिता ने 1996 में आत्महत्या कर ली थी! उन्होंने कई पारिवारिक दिक्कतों को झेलते हुए फिल्मों में अपनी जगह बनाई थी! लेकिन, जब परेशानियों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा तो इस अभिनेत्री ने आत्महत्या कर ली! इस एक्ट्रेस के जीवन पर एक फिल्म भी बनी, जो बेहद सफल रही थी! 
- परवीन बॉबी
 अमिताभ बच्चन के साथ जोड़ी बनाने वाली इस अभिनेत्री ने सफलता का शिखर छुआ था! लेकिन, वहां से उतरना उसे गवारा नहीं हुआ! बाद में संदिग्ध हालातों में उनकी मृत्यु गई। इसे लेकर कई तरह की अफवाहें हैं। कुछ लोगों का कहना है कि डॉयबिटीज़ बढ़ जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। दूसरी तरफ़ कहा जाता है कि एक शादीशुदा शख़्स से उनका अफेयर चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। लेकिन, ये भी सच है कि जीवन के अंतिम दिनों में वे मानसिक रूप से अस्थिर हो गई थी! उनकी लाश उनके अपार्टमेंट से दो-तीन दिन बाद निकाली गई!
- जिया ख़ान
  नि:शब्द, गजनी और हाउसफुल में काम कर चुकी जिया ख़ान ने 2013 को अपने घर पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। 25 साल की ये अदाकारा मरने के पीछे कई सवाल छोड़ कर गई है जिसके जवाब आज भी नहीं मिले हैं। उन्होंने प्रेम में असफल होने पर मौत को गले लगाया या काम न मिलने से वे डिप्रेशन में थी! ये बात स्पष्ट नहीं हो सकी! 
- वर्षा भोंसले
  गायिका आशा भौंसले की वर्षा अपने वैवाहिक संबंधों को लेकर निराश थी! वर्षा ने 2012 में खुद को गोली मार ली थी। आशा भोंसले की बेटी वर्षा लिखने के साथ-साथ भोजपुरी और हिंदी में प्लेबैक गायिका भी थीं। वर्षा 2008 में भी ख़ुदकुशी करने की कोशिश कर चुकी थीं। 

- विवेका बाबाजी
  मॉडल विवेका बाबाजी ने 2010 को 37 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली। वे 'कामसूत्र' के विज्ञापन में काम करने के बाद चर्चा में आई थी! इसके अलावा 1993 में उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भी भाग लिया था और मिस मॉरीशस भी रह चुकी हैं। माना जाता है कि निजी ज़िंदगी में चल रहे उतार-चढ़ाव के कारण विवेका ने अपनी जान दी थी!
- नफीसा जोसफ़
   नफीसा एमटीवी चैनल में वीडियो जॉकी भी थीं। वे मॉडल होने के साथ 1997 में मिस इंडिया यूनिवर्स की विजेता भी रही थी। जोसफ़ ने 2004 को अपने फ्लैट पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। जोसफ़ के माता-पिता का कहना है कि शादी टूटने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया! जबकि, ये भी कहा जाता था कि वे बेकार थी और काम मिलने के कोई आसार भी नजर नहीं आ रहे थे। 
- कुलजीत रंधावा
  कुलजीत ने 'कोहिनूर' और 'हिप हिप हुर्रे' समेत कुछ धारावाहिकों में छोटे-मोटे रोल किए थे। 2006 में उन्होंने आत्महत्या कर ली और सुसाइड नोट में इसका कारण मानसिक दबाव बताया। जबकि, कुलजीत का साथ भी काम न मिलना सबसे बड़ा तनाव था। 

- शिखा जोशी
  अभिनेत्री शिखा जोशी अपने घर में मृत पाई गई थी। उन्होंने फ़िल्म 'बीए पास' में छोटा सा रोल किया था। हालांकि, उनकी मौत से रहस्य का पर्दा नहीं उठा है। पुलिस के मुताबिक यह आत्महत्या का मामला था। लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शिखा किराए के फ्लैट में एक अन्य महिला के साथ रहती थीं। साथ रहने वाली महिला ने जब दरवाजा खटखटाया तो जोशी ने दरवाजा नहीं खोला। महिला ने अपनी चाबी से दरवाजा खोला तो जोशी को खून से लथपथ पड़ा पाया। तेज धार वाला चाकू उनके गले में घुसा था। वह उन्हें पास के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले गई, जहां जोशी को मृत घोषित कर दिया गया। शिखा 2011 में तब विवादों में आई थीं, जब उन्होंने अपना ब्रेस्ट इंप्लांट सर्जरी करने वाले डॉक्टर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
- दिव्या भारती
  मशहूर अभिनेत्री दिव्या भारती की मात्र 19 साल की उम्र में मृत्यु हो गई थी! हालांकि, आत्महत्या, हत्या या महज हादसे को लेकर कोई तस्वीर साफ़ नहीं हुई! मरने से एक साल पूर्व उन्होंने साजिद नाडियावाला से शादी की थी। मुंबई के वर्सोवा इलाके के तुलसी अपार्टमेंट के पांचवे फ्लोर से गिर जाने के कारण दिव्या की मृत्यु हुई थी। 
- कुणाल सिंह
   सोनाली बेंद्रे के साथ ‘दिल ही दिल में’ में काम करने वाले अभिनेता कुणाल सिंह ने 2008 में खुदकुशी कर ली। वह मुंबई स्थित अपने घर में लटके हुए पाए गए थे। उनके पिता ने आरोप लगाया था कि कुणाल की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि एक हत्या थी।
- दिशा गांगुली     
  बंगाली फिल्मों की अभिनेत्री दिशा गांगुली ने अपने ही घर में आत्महत्या कर ली थी। उनके आवास का दरवाजा तोड़कर उनके झूलते हुए शव को बरामद किया  गया था। इस अभिनेत्री की आत्महत्या की खबर मिलते ही उनकी एक महिला मित्र ने भी आत्महत्या की कोशिश की थी। दिशा गांगुली कई लोकप्रिय बँगला सीरियल में अभिनय से दर्शकों के बीच चहेती थी। 
------------------------

No comments:

Post a Comment