Sunday 18 September 2016

फिल्मों का कथानक बनते खेल और खिलाडी!

- एकता शर्मा 

   खिलाडियों और फिल्म एक्ट्रेस का संबंध सिर्फ रोमांस और शादी तक ही सीमित नहीं है! खेलों पर फ़िल्में भी कम नहीं बनी! लेकिन, खिलाडियों और खेल पर फ़िल्में बनने की गति पहले काफी धीमी रही! लेकिन, कुछ सालों में फ़िल्मी कहानियों में खेल एक विषय बनने लगा है। फिलहाल चर्चा है महेंद्रसिंह धोनी की फिल्म ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ की जिनमें सुशांतसिंह राजपूत ने धोनी का किरदार बेहद खूबसूरती से निभाया है। परदे पर धोनी के किरदार को उभारने के लिए सुशांत ने मेहनत भी बहुत की! खास तौर पर धोनी  पहचान कहे जाने वाले ‘हेलीकाप्टर’ शॉट मारने की प्रेक्टिस की!   
   कुछ साल पहले शाहरुख खान की भूमिका वाली फिल्म ‘चक दे इंडिया’ खेल भावना को नए सिरे से उभारा था! ये फिल्म मीररंजन नेगी के साथ हुई, एक घटना से जुडी थी, पर कहानी में  ट्विस्ट थे! फिल्म में महिला हॉकी टीम को विश्व विजेता बनाने की कल्पना की गई थी! अंत में एक हॉकी कोच की जिजीविषा रंग लाती है और महिला हॉकी टीम विजेता बनती भी है। लेकिन, ये खेलों पर केंद्रित फिल्मों की शुरुआत नहीं थी! पहले भी कुछ फिल्में बनी जिनमें आल राउंडर, अव्वल नंबर, हिप हिप हुर्रे, जो जीता वही सिकंदर, साला खड़ूस, लगान जैसी फिल्में उल्लेखनीय रही। साला खड़ूस, बॉम्बे वेलवेट, ब्रदर्स के बाद 'मेरी कॉम' के केंद्र में मुक्केबाजी थी।
  एक अनजान खिलाड़ी जो बाद में डाकू बन गया था उस पानसिंह तोमर पर तिंग्माशु धूलिया ने फिल्म बनाई थी। इसके बाद जानी मानी बॉक्सर 'मेरी कॉम' पर उमंग कुमार ने उन्हीं के नाम से प्रियंका चोपड़ा को लेकर फिल्म बनाई, जिसने बहुत अच्छा बिजनेस किया। राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने धावक मिल्खा सिंह 'भाग मिल्खा भाग' बनाकर सफलता क्या पाई, इसके बाद तो खिलाड़ियों पर फिल्में बनाने की बाढ़ आ गई! लेकिन, क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन पर 'अजहर' बनी पर चली नहीं! अब महेंद्र सिंह धोनी पर फिल्म आने की तैयारी है। पिछले कुछ सालों में खेलों की दुनिया में कुछ स्टार भी दिए, जो फिल्म वालों के फोकस में है। सबसे ज्यादा रूचि सानिया मिर्जा, साइना नेहवाल, प्रकाश पादुकोण, विश्वनाथन आनंद आदि पर फिल्म बनाने में दिलचस्पी ली जा रही है। साइना नेहवाल पर अमोल गुप्ते फिल्म बना रहे हैं। 
  चीन में कुछ साल पहले एक विकलांग ओलंपियन पर फिल्म बनी थी। गांव का एक विकलांग और गरीब लड़का तैराक बनना चाहता है। कैसे प्रतिकूल स्थितियों का मुकाबला करते हुए वो विजय पाता है, यह उस फिल्म का कथानक था। महत्वपूर्ण योगदान उसके कोच का था, जो विकलांग होने की उसकी कुंठा को दूर करने के लिए खेल अधिकारियों तक से लड़ जाता है। एक पैर से एवरेस्ट फतह करने वाली अरुणिमा सिन्हा की जीवनी पर फरहान अख्तर की फिल्म बनाने की योजना है। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वाली पहली बछेंद्री पाल पर भी फिल्म बनने की तैयारी है। 
  आमिर खान अपने टीवी शो ‘सत्यमेव जयते’ के एक एपिसोड में कुश्ती की दुनिया में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली हरियाणा की फोगट बहनों में परिचय कराया था। अपनी बेटियों व भतीजी को अखाड़े में उतारने की हिम्मत दिखाने वाले महावीर पहलवान की लगन ने आमिर को इतना प्रभावित किया कि वे ‘दंगल’ में महावीर की भूमिका निभाने में जुट गए। लेकिन, इससे पहले ही यशराज प्रोडक्शन ने सलमान खान को लेकर 'सुल्तान' बना दी, जिसने इस साल सबसे ज्यादा बिजनेस किया है। अभी खेल और खिलाडियों पर फ़िल्में बनने का सिलसिला थमा नहीं है! ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ और आमिर खान की 'दंगल' लाइन में है।  
-----------
(लेखिका फिल्मों पर शोध कार्य किया है) 

No comments:

Post a Comment