Wednesday 8 March 2017

हर दौर में बदलता रहा स्टारडम

- एकता शर्मा 

  राजकपूर को फ़िल्मी दुनिया का शो-मेन कहा जाता है। जो राजकपूर ने बॉलीवुड को दिया वो शायद कोई कभी सोच भी नहीं सकता। जीना यहां मरना यहां से उन्होंने शायद हर किसी को वो खोई हुई उम्मीदें जगा दी। साधारण सी कद काठी और चार्ली चैपलीन सा अंदाज। कभी मेरा जूता है जापानी तो जिस देस में गंगा बहती है। राजकपूर ने दर्शकों की नब्ज पकड़ी और बॉलीवुड एक जरिया बन गया लोगों को जोड़ने का। एक से एक बेहतरीन फिल्में, कुछ हिट और कुछ फ्लॉप! लेकिन, राजकपूर बन गए, बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार। 
  फिर आया एक नया दौर, जिसमें एक लड़का लोगों पर राज करने लगा। नाम था दिलीप कुमार। वे अपने अलग-अलग तरह के किरदारों के लिए जाने जाते रहे। मुगलेआजम, देवदास, राम और श्याम, बंदिनी, मधुमति, कोहिनूर, यहूदी फिल्मों ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था। आज भी उनको यादगार फिल्मों के लिए जाना जाता है। उन्हें भारतीय फिल्मों के सर्वोच्च सम्मान 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। इसके बाद आया एक और नया चेहरा! इठलाता, झूमता और मस्ती में रहने वाला देव आनंद। सामान्य सी कद काठी पर अंदाज बिल्कुल जुदा। पेइंग गेस्ट, बाजी, ज्वैल थीफ, सीआईडी, जॉनी मेरा नाम, अमीर गरीब, वारंट, हरे राम हरे कृष्ण और देस परदेस जैसी कई हिट फिल्में दी।
  राजेश खन्ना सही मायनों में स्टारडम को एक अलग ही स्तर पर ले गए थे। फिल्म इंडस्ट्री में राजेश को प्यार से 'काका' कहा जाता था। एक कहावत बड़ी मशहूर थी 'ऊपर आका और नीचे काका।' राजेश खन्ना ने अपनी विरासत सौंप दी बाबू मोशाय यानी अमिताभ बच्चन को। किसी को पता भी नहीं चला कि कब बॉलीवुड को उसका शहंशाह मिल गया। अमिताभ बच्चन की स्टारडम को आंकना बहुत ही मुश्किल है। उनके जैसी शख्सियत शायद कई सदियों में एक ही होती है। इसके बाद बॉलीवुड को मिला इसका पहला चॉकलेटी बॉय। उम्र ज्यादा नहीं थी इसलिए उसका सारी हरकतें माफ थीं। बात हो रही है ऋषि कपूर की। उनके स्टारडम का आलम ये था कि हिट हो या फ्लॉप वो धड़ाधड़ फिल्में करते जाते थे। ऋषि कपूर ने अपने करियर में 1973-2000 तक 92 फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया है। 
  चाकलेटी अभिनय के लिए जाने वाले अनिल कपूर ने 'वो सात दिन' में अपने सादगी के अभिनय के बाद  'तेजाब' मे जिस तरह की अदाकारी की उसके बाद तो 'राम लखन' सहित दर्जनों फिल्मों से लोगों दीवाना बना दिया। माधुरी के साथ तो उनकी जोडी भी खासी लोकप्रिय हुई। चाकलेटी हीरो में एक नाम सैफ को भी आता है। उनकी बेवाक अदाकारी ने भी कही लोगों को दीवाना तो बना ही दिया है। फिर खत्म हुआ स्टारडम का अंत जब तीन खान ने एक साथ बॉलीवुड में दस्तक दी। 25 साल हो गए अभी तक हमें कोई अगला सुपरस्टार नहीं मिला। आलम ये है कि शाहरूख, सलमान और आमिर को साथ में लाने के लिए पूरी इंडस्ट्री सपने देखती है। शाहरूख, सलमान, आमिर तीनों बॉलीवुड में करीब 25 साल से राज कर रहे हैं और वाकई अगर किसी स्टार को आना होता तो अब तक दस्तक दे चुका होता। 
------------------------------------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment