Saturday 25 January 2020

परदे पर देशभक्ति का तड़का लगाती फिल्में!

- एकता शर्मा
   फिल्म के परदे पर बिकने वाले हर विषय को भुनाया जाता है। उनमें एक देशभक्ति भी है। लेकिन, ये ऐसा विषय है जिसके विविध आयाम होते हैं! आजादी के परवानों की जिंदगी और उनके संघर्ष पर फिल्म बनाना देशभक्ति है, तो युद्ध आधारित ऐसी फ़िल्में जिनमें भारत ने जीत का झंडा लहराया हो, उसके प्रसंगों पर फिल्म निर्माण भी देशभक्ति ही है। अब तो ऐसे खेलों पर भी फ़िल्में बनाई गई, जिनमें भारत के खिलाड़ी जीते, उन फिल्मों को भी इसी श्रेणी में रखा गया। आजादी के संघर्ष पर कई फिल्में बनी, जिन्हें पसंद भी किया गया! ऐसी फिल्मों ने हमारे अंदर देशभक्ति का जज्बा भी जमकर जगाया! कहते हैं देशभक्ति का नशा जिसके सर चढ़ जाए सारी दुनिया उसके कदमों में होती है। देशभक्ति पर बनी ये फ़िल्में इस नशे को और बढ़ा देती हैं। 
   देशभक्ति के विषयों पर बनी ये फ़िल्में जब परदे पर आई तो दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए! कहा जाता है कि 1962 में आई फिल्म ‘हकीक़त’ में जब दर्शकों ने परदे पर भारतीय सैनिकों को युद्ध करते देखा तो वे खड़े होकर सैल्यूट करने लगे थे। देखा गया है कि जब भी सिनेमाघरों में देशभक्ति वाली कोई फिल्म लगती है, तो दर्शकों में अजीब सा ज़ज्बा लहरें मारने लगता है। 1952 में बनी ऐसी ही एक फिल्म थी 'आनंदमठ' जिसमें राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' को पहली बार दर्शाया गया था। यह फिल्म बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास 'आनंदमठ' पर ही आधारित थी। फिल्म में भारत भूषण, गीता बाली, पृथ्वीराज कपूर, प्रदीप कुमार थे। फिल्म में देश के शूरवीरों के बलिदान को दिखाया गया है। फिल्म में 18वीं शताब्दी में अंग्रेजी हुकूमत से लड़े गए क्रांतिकारियों की कहानी थी। 
  1965 में बनी 'शहीद' में मनोज कुमार थे। फिल्म की कहानी 1916 से शुरू होती है, जब भगतसिंह के चाचा अजितसिंह को ब्रिटिश शासन के खिलाफ बगावत करने के जुर्म में पुलिस गिरफ्तार करके ले जाती है। बड़े होकर भगतसिंह भी अपने चाचा के नक्शे कदमों पर चलने लगते हैं और साइमन कमीशन के खिलाफ हो रहे आंदोलन में शामिल हो जाते हैं। मनोज कुमार ने भगतसिंह के किरदार को परदे पर उतारा था। इस फिल्म की कहानी भगत के साथी बटुकेशवर दत्त ने लिखी थी। यह संयोग ही था कि जिस वर्ष में फिल्म रिलीज होने वाली थी, उसी वर्ष बटुकेशवर की मौत हो गई। 1962 में आई 'हकीकत' ऐसे सैनिकों की टुकड़ी के बारें में थी, जो लद्दाख में भारत और पाकिस्तान के बीच छिड़ी जंग का हिस्सा है।
   1997 में रिलीज हुई जेपी दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' भारत और पाकिस्तान के बीच लोंगोवाल में हुई जंग पर आधारित थी। इस फिल्म की खासियत ये थी कि इसमें जंग को सच्चाई के साथ दिखाया गया था। इसके अलावा फिल्म में जवानों की निजी जिंदगी की भी कहानियां थी। कोई जवान सरहद पर अपने परिवार को किस हालत में छोड़कर पर आता है! किसी का परिवार उसका इंतजार करता रहता है, कभी छुट्टी मिलने के बावजूद जवान घर नहीं जा पाते! 'बॉर्डर' को देशभक्ति पर बनी एक बेहतरीन फिल्म माना जाता है। बैन किंग्सले की 1982 में आई 'गांधी' देशभक्ति वाली फिल्म तो नहीं थी, पर इस फिल्म ने महात्मा गांधी के जीवन की सच्चाई को दर्शकों के सामने जरूर लाया था। इसमें गांधीजी से जुड़े हर पहलू को पर्दे पर दर्शाने की कोशिश की गई थी। फिल्म ने 8 ऑस्कर अवॉर्ड्स जीते थे।
   फरहान अख्तर की 2004 में आई फिल्म 'लक्ष्य' 1999 के कारगिल युद्ध के संघर्ष की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित काल्पनिक कहानी थी। रितिक लेफ्टिनेंट करण शेरगिल की भूमिका में थे। वे अपनी टीम का नेतृत्व करके आतंकवादियों पर विजय पाते हैं। 'मंगल पांडे : द राइजिंग' क्रांतिकारी मंगल पांडे की जिंदगी पर बनी फिल्म थी, जिन्होंने 1857 में ब्रिटिश अफसरों का विद्रोह किया था। माना जाता है कि मंगल पांडे ने ही सबसे पहले अंग्रेजो के खिलाफ आजादी की जंग का आगाज किया था। 1967 में आई फिल्म मनोज कुमार की फिल्म ‘उपकार’ भी देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म थी। इस फिल्म को बनाने का मकसद ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को बुलंद करना था। फिल्म की कहानी राधा (कामिनी कौशल) और उसके दो बेटों भारत (मनोज कुमार) और पूरन (प्रेम चोपड़ा) के बीच जमीन के बंटवारे पर आधारित थी। ये तो वे चंद फ़िल्में हैं, जो उँगलियों पर गिनी गईं! बीते सौ से ज्यादा सालों में हिंदी फिल्मों के परदे पर ऐसी कई फ़िल्में बनी, जिन्होंने लोगों की देशभक्ति को झकझोर दिया था। अभी भी इन फिल्मों का दौर ख़त्म नहीं हुआ, वक़्त के साथ इनकी कहानियाँ बदली हैं, पर इनकी भावनाओं में कोई फर्क नहीं आया!  
  1953 में आई फिल्म 'झांसी की रानी' भी आजादी खिलाफ जंग लड़ने वालों पर बनने वाली फिल्मों में से एक थी। दशकों बाद एक बार फिर कंगना रनौट ने इसी विषय पर 'मणिकर्णिका' बनाकर रानी लक्ष्मीबाई का इतिहास जीवंत किया है। 1993 में वल्लभभाई पटेल पर फिल्म 'सरदार' बनाई गई और 2004 में आई 'नेताजी सुभाषचन्द्र बोस : द फॉरगॉटन हीरो' इसके बाद 2005 में आई 'मंगल पांडे : द राइजिंग' भी उन जांबाजों पर बनी फ़िल्में थीं, जिन्होंने आजादी की अलख जगाई थी। पिछले कुछ समय से देशभक्ति को खेल के साथ जोड़कर दिखाने का नया दौर शुरू हुआ है। जंग के मैदान में नहीं, तो खेल के मैदान में दुश्मनों को धूल चटाते देखना भारतीय दर्शकों को भी खूब भाता है तभी तो इस श्रेणी की फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित होती हैं। इनमे चक दे इंडिया (2007), भाग मिल्खा भाग, मैरीकॉम (2014) और दंगल (2016) प्रमुख हैं।
   वास्तव में देशभक्ति वाली फिल्मों को एक तड़के की तरह इस्तेमाल किया गया है! लेकिन, ऐसी फिल्मों ने लोगों  जगाने का भी काम किया है। आजादी से पहले 1943 में आई फिल्म 'किस्मत' का गाना 'दूर हटो ऐ दुनिया वालों हिन्दुस्तान हमारा है' उस वक़्त अंग्रेज सरकार के विरोध का प्रतीक बन गया था। आजादी से पहले भारतीय फिल्मकारों की फिल्मों को ब्रिटिश सेंसर बोर्ड की मंजूरी लेना पड़ती थी। ब्रिटिश अफसरों के कमजोर भाषा ज्ञान के कारण इस फिल्म के गाने को मंजूरी मिल गई। महात्मा गांधी के 'भारत छोड़ो आंदोलन' के कुछ महीनों बाद आई ये फिल्म इस गाने की वजह से अमर हो गई।
---------------------------------------------------------------------------------

Friday 24 January 2020

'कबीर सिंह' का कमाल, साल के अंत में छाया 'दबंग' और 'गुड न्यूज़ का जलवा!

सालभर का लेखा जोखा

  साल 2019 को फिल्मों से होने वाली कमाई और दर्शकों की पसंद के नजरिए से अच्छा साल माना जा रहा है। इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की और दर्शकों का प्यार भी जीता। सबसे बड़ा कमाल किया शाहिद कपूर की फिल्म 'कबीर सिंह' ने! साऊथ की रीमेक इस फिल्म ने सारे अनुमान ध्वस्त करते हुए साल की बड़ी हिट में अपना नाम दर्ज किया। रितिक रोशन की 'सुपर-30' और रणवीर कपूर की 'गली बॉय' ने भी अच्छी कमाई की! इसके अलावा आयुष्मान खुराना की 'ड्रीम गर्ल' और 'बाला' ने भी अच्छी कमाई की। साल के आखिरी महीने रिलीज हुई सलमान की 'दबंग-3' और अक्षय कुमार की 'गुड न्यूज़' ने भी अच्छी कमाई के संकेत दिए! जबकि, खानदानी शफाखाना, वाय चीट इंडिया और 'जबरिया जोड़ी' ऐसी फ़िल्में रहीं जो बॉक्स ऑफिस पर ध्वस्त गईं! कुछ फिल्मों ने उम्मीद के मुताबिक कमाई तक नहीं की और कुछ तो अपनी लागत तक नहीं निकाल पाईं। 
000 

- एकता शर्मा 

  लमान खान की हाल ही में रिलीज फिल्म 'दबंग-3' को भी दर्शकों ने शानदार रिस्पांस दिया। इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग से ही 12 करोड़ का कारोबार कर लिया! इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर किस तरह की दीवानगी है। सामने आई फैंस की शुरूआती रिएक्शन की बात की जाए तो वो बहुत ही शानदार हैं। सलमान खान के फैंस को उनका चुलबुल पांडे अवतार काफी पसंद आ रहा है। 24 करोड़ के फर्स्ट डे कलेक्शन के बाद दूसरे दिन भी फिल्म ने 24 करोड़ से अधिक का कारोबार किया। फिल्म ने तीन दिन में 49.25 करोड़ का कलेक्शन किया, जो अनुमान से कम है। क्रिसमस के बाद सिनेमा घर में पहुंची अक्षय कुमार और करीना कपूर की 'गुड न्यूज' ने धमाके के साथ सिल्वर स्क्रीन पर शुरुआत की। इस फिल्म को पहले शो में ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। मॉर्निंग शो में जबरदस्त भीड़ रही। फिल्म में अक्षय और करीना के अलावा दर्शकों को कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ की जबरदस्त केमिस्ट्री ने भी प्रभावित किया है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म बेहतरीन कारोबार करेगी। 

अब तक की 10 सुपरहिट और 10 फ्लॉप फिल्मों पर एक नजर :

- कबीर सिंह : साउथ की कई रीमेक फिल्में बॉलीवुड में बनती हैं। लेकिन, जो कमाल इस साल 'कबीर सिंह' ने किया वो किसी करिश्मे से कम नहीं! शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की ये फिल्म 21 जून को रिलीज हुई थी। फिल्म का बजट 60 करोड़ रुपए था और फिल्म ने 278.24  करोड़ रुपए की कमाई की। पहले हफ्ते फिल्म ने करीब 135 करोड़ रुपए, दूसरे हफ्ते करीब 80 करोड़ और तीसरे हफ्ते करीब 36 करोड़ की कमाई करते हुए पांचवे हफ्ते भी सिनेमाघर में टिकी रही। कबीर सिंह तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' का रीमेक है।
- भारत : सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'भारत' ईद पर 5 जून को रिलीज हुई थी। सलमान की ये फिल्म दक्षिण कोरियाई फिल्म 'ओड टू माय फादर' का रीमेक थी। फिल्म में सलमान के पांच अलग-अलग लुक देखने को मिले थे। फिल्म ने पहले ही दिन 42.30 करोड़ रुपए कमाए थे। वहीं इस फिल्म ने कुल 211.07 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में सलमान-कटरीना के साथ दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, नोरा फतेही भी नजर आए थे।
- मिशन मंगल : स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन मंगल' रिलीज हुई थी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सोनाक्षी सिन्हा, तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी, शरमन जोशी, विद्या बालन सहित कुछ और स्टार्स भी नजर आए थे। फिल्म ने पहले दिन 29.16 करोड़ की कमाई की थी तो वहीं फिल्म ने 178.11 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है।
- केसरी : अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'केसरी' 21 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 21.06 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने 154. 41 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म सारागढ़ी के युद्ध पर आधारित थी, जिसको अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया था।
 - उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक : साल की धमाकेदार शुरुआत का श्रेय 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' को जाता है। ये फिल्म 11 जनवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन महज 8.20 करोड़ रुपए की कमाई की थी। लेकिन, धीरे-धीरे इस फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और कुल 245.36 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म में विकी कौशल लीड किरदार में नजर आए थे।
- टोटल धमाल : अनिल कपूर, अजय देवगन, माधुरी दीक्षित स्टार फिल्म 'टोटल धमाल' 22 फरवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 16.50 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म की कुल कमाई 154.23 करोड़ रही। इस फिल्म की खास बात ये रही थी कि फिल्म को ज्यादा अच्छे रिव्यूज नहीं मिले थे लेकिन बावजूद इसके फिल्म ने जमकर कमाई की। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है।
- सुपर 30 : 12 जुलाई 2019 को रितिक रोशन और मृणाल कुलकर्णी की फिल्म 'सुपर 30' रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 11.83 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने कुल 146.91 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में रितिक सुपर 30 के संचालक आनंद के किरदार में नजर आए थे।
- गली बॉय : रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की 'गली बॉय' 14 फरवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया एक दम अलग अंदाज में नजर आए थे। रणवीर ने फिल्म में जमकर रैप किया था। फिल्म ने पहले दिन 19.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी तो वहीं फिल्म की कुल कमाई 140.25 करोड़ रुपये थी। फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था।
- दे दे प्यार दे : अजय देवगन, रकुलप्रीत और तबु स्टार फिल्म दे दे प्यार दे 17 मई 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 10.41 करोड़ रुपए की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने कुल कमाई 103.64 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म में अजय देवगन काफी वक्त बाद कॉमेडी करते नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन आकिव अली ने किया है।
- लुका छुपी : बॉलीवुड के चॉकलेट बॉय कार्तिक आर्यन की फिल्म 'लुका छुपी' भी 100 करोड़ क्लब में शामिल हुई थी। फिल्म में कार्तिक के साथ कृति सेनन नजर आई थीं। न सिर्फ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था, बल्कि फिल्म के गाने भी हिट रहे थे। फिल्म ने पहले दिन 8.01 करोड़ रुपए जबकि कुल 103.64 करोड़ की कमाई की थी।

ये फ़िल्में जो अपनी लागत भी नहीं निकाल सकीं 

- मलाल : शर्मिन सहगल, मीजान जाफरी, समीर धर्माधिकारी, अंकुश बिष्ट की फिल्म 'मलाल' 5 जुलाई को रिलीज हुई थी। फिल्म को मंगेश हडावले ने निर्देशित और टी-सीरीज और संजय लीला भंसाली ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म एक तमिल फिल्म का रीमेक थी। फिल्म से जावेद जाफरी के बेटे मीजान और संजय लीला भंसाली की भांजी शर्मिन ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म ने पहले दिन 45 लाख रुपए और कुल 2.54 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
- नोटबुक : जहीर इकबाल और प्रनूतन की फिल्म 'नोटबुक' 29 अप्रैल को रिलीज हुई थी। फिल्म को सलमान खान ने प्रोड्यूस और नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया था। फिल्म से मोहनीश बहल की बेटी प्रनुतन ने डेब्यू किया था। फिल्म ने पहले दिन महज 50 लाख रुपए की कमाई की थी। वहीं फिल्म का कुल कलेक्शन 3.72 करोड़ रुपए रहा।
- खानदानी शफाखाना : 2 अगस्त 2019 को सोनाक्षी सिन्हा और वरुण शर्मा की फिल्म 'खानदानी शफाखाना' रिलीज हुई थी। इस फिल्म के साथ ही रैपर-सिंगर बादशाह ने भी बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसका म्यूजिक तो हिट हुआ था! लेकिन, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई। खानदानी शफाखाना ने पहले दिन महज 75 लाख रुपए का कलेक्शन किया था। जबकि, कुल कमाई 3.83 करोड़ रुपए थी। इसका डायरेक्शन शिल्पी दासगुप्ता ने किया था।
- गेम ओवर : 14 जुलाई 2019 को तापसी पन्नू स्टार की फिल्म गेम ओवर रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन और लेखन अश्विन सरावनन ने किया था। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिलने के बाद भी यह बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई। गेम ओवर ने पहले दिन 38 लाख रुपये कमाए थे जबकि कुल कमाई 4.69 करोड़ रुपये रही थी।
- अर्जुन पटियाला : दिलजीत दोसांझ, कृति सेनन और वरुण शर्मा की फिल्म 'अर्जुन पटियाला' 26 जुलाई को रिलीज हुई थी। इसका म्यूजिक हिट था, लेकिन यह फ्लॉप साबित हुई। 'अर्जुन पटियाला' ने पहले दिन 1.25 करोड़ की कमाई की थी! जबकि, कुल कलेक्शन 6.62 करोड़ रुपए रहा था। इसका निर्देशन रोहित जुगराज ने किया था।
- वाय चीट इंडिया : इमरान हाशमी की फिल्म 'वाय चीट इंडिया' 18 जनवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म शिक्षा के बाजार के काले सच पर आधारित थी। इसका म्यूजिक दर्शकों को काफी पसंद आया था। लेकिन, फिल्म कुछ खास पसंद नहीं आई थी। इसने पहले दिन 1.71 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि कुल कलेक्शन 8.66 करोड़ था। 'वाय चीट इंडिया' का निर्देशन सौमिक सेन ने किया था।
- इंडियाज मोस्ट वांटेड : अर्जुन कपूर की फिल्म 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई थी। फिल्म 24 मई को रिलीज हुई थी। इसने पहले दिन 2.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। जबकि, फिल्म की कुल कमाई 11.90 करोड़ रही थी। इसके गाने भी दर्शकों को पसंद नहीं आए थे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार गुप्ता ने किया था।
- जबरिया जोड़ी : सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा स्टारर फिल्म 9 अगस्त को रिलीज हुई थी। इसका म्यूजिक तो लोगों को पसंद आया लेकिन फिल्म दर्शकों पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। फिल्म ने पहले दिन 2.70 करोड़ की कमाई की थी तो वहीं फिल्म ने कुल 16.33 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म का निर्देशन प्रशांत सिंह ने किया था।
- ठाकरे : बालासाहेब ठाकरे को बड़े पर्दे पर लाने का काम नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने किया था। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिले थे और साथ ही साथ फिल्म दर्शकों को पसंद भी आई थी। बावजूद इसके ठाकरे उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर पाई। यह 25 जनवरी 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 2.75 करोड़ रुपए की कमाई की थी। जबकि, कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 18.19 करोड़ का था। ठाकरे का निर्देशन अभिजीत पानसे ने किया था।
- एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा : सोनम कपूर, अनिल कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' से काफी उम्मीद लगाई जा रही थीं। यह उम्मीद पर खरी नहीं उतरी और बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर सकी। शैली चोपड़ा धार निर्देशित फिल्म ने पहले दिन 2.90 करोड़ की कमाई की थी। जबकि, फिल्म का कुल कलेक्शन 20.28 करोड़ रहा था। 
--------------------------------------------------------------------------------