Friday 24 January 2020

'कबीर सिंह' का कमाल, साल के अंत में छाया 'दबंग' और 'गुड न्यूज़ का जलवा!

सालभर का लेखा जोखा

  साल 2019 को फिल्मों से होने वाली कमाई और दर्शकों की पसंद के नजरिए से अच्छा साल माना जा रहा है। इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की और दर्शकों का प्यार भी जीता। सबसे बड़ा कमाल किया शाहिद कपूर की फिल्म 'कबीर सिंह' ने! साऊथ की रीमेक इस फिल्म ने सारे अनुमान ध्वस्त करते हुए साल की बड़ी हिट में अपना नाम दर्ज किया। रितिक रोशन की 'सुपर-30' और रणवीर कपूर की 'गली बॉय' ने भी अच्छी कमाई की! इसके अलावा आयुष्मान खुराना की 'ड्रीम गर्ल' और 'बाला' ने भी अच्छी कमाई की। साल के आखिरी महीने रिलीज हुई सलमान की 'दबंग-3' और अक्षय कुमार की 'गुड न्यूज़' ने भी अच्छी कमाई के संकेत दिए! जबकि, खानदानी शफाखाना, वाय चीट इंडिया और 'जबरिया जोड़ी' ऐसी फ़िल्में रहीं जो बॉक्स ऑफिस पर ध्वस्त गईं! कुछ फिल्मों ने उम्मीद के मुताबिक कमाई तक नहीं की और कुछ तो अपनी लागत तक नहीं निकाल पाईं। 
000 

- एकता शर्मा 

  लमान खान की हाल ही में रिलीज फिल्म 'दबंग-3' को भी दर्शकों ने शानदार रिस्पांस दिया। इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग से ही 12 करोड़ का कारोबार कर लिया! इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर किस तरह की दीवानगी है। सामने आई फैंस की शुरूआती रिएक्शन की बात की जाए तो वो बहुत ही शानदार हैं। सलमान खान के फैंस को उनका चुलबुल पांडे अवतार काफी पसंद आ रहा है। 24 करोड़ के फर्स्ट डे कलेक्शन के बाद दूसरे दिन भी फिल्म ने 24 करोड़ से अधिक का कारोबार किया। फिल्म ने तीन दिन में 49.25 करोड़ का कलेक्शन किया, जो अनुमान से कम है। क्रिसमस के बाद सिनेमा घर में पहुंची अक्षय कुमार और करीना कपूर की 'गुड न्यूज' ने धमाके के साथ सिल्वर स्क्रीन पर शुरुआत की। इस फिल्म को पहले शो में ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। मॉर्निंग शो में जबरदस्त भीड़ रही। फिल्म में अक्षय और करीना के अलावा दर्शकों को कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ की जबरदस्त केमिस्ट्री ने भी प्रभावित किया है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म बेहतरीन कारोबार करेगी। 

अब तक की 10 सुपरहिट और 10 फ्लॉप फिल्मों पर एक नजर :

- कबीर सिंह : साउथ की कई रीमेक फिल्में बॉलीवुड में बनती हैं। लेकिन, जो कमाल इस साल 'कबीर सिंह' ने किया वो किसी करिश्मे से कम नहीं! शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की ये फिल्म 21 जून को रिलीज हुई थी। फिल्म का बजट 60 करोड़ रुपए था और फिल्म ने 278.24  करोड़ रुपए की कमाई की। पहले हफ्ते फिल्म ने करीब 135 करोड़ रुपए, दूसरे हफ्ते करीब 80 करोड़ और तीसरे हफ्ते करीब 36 करोड़ की कमाई करते हुए पांचवे हफ्ते भी सिनेमाघर में टिकी रही। कबीर सिंह तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' का रीमेक है।
- भारत : सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'भारत' ईद पर 5 जून को रिलीज हुई थी। सलमान की ये फिल्म दक्षिण कोरियाई फिल्म 'ओड टू माय फादर' का रीमेक थी। फिल्म में सलमान के पांच अलग-अलग लुक देखने को मिले थे। फिल्म ने पहले ही दिन 42.30 करोड़ रुपए कमाए थे। वहीं इस फिल्म ने कुल 211.07 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में सलमान-कटरीना के साथ दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, नोरा फतेही भी नजर आए थे।
- मिशन मंगल : स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन मंगल' रिलीज हुई थी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सोनाक्षी सिन्हा, तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी, शरमन जोशी, विद्या बालन सहित कुछ और स्टार्स भी नजर आए थे। फिल्म ने पहले दिन 29.16 करोड़ की कमाई की थी तो वहीं फिल्म ने 178.11 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है।
- केसरी : अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'केसरी' 21 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 21.06 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने 154. 41 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म सारागढ़ी के युद्ध पर आधारित थी, जिसको अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया था।
 - उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक : साल की धमाकेदार शुरुआत का श्रेय 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' को जाता है। ये फिल्म 11 जनवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन महज 8.20 करोड़ रुपए की कमाई की थी। लेकिन, धीरे-धीरे इस फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और कुल 245.36 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म में विकी कौशल लीड किरदार में नजर आए थे।
- टोटल धमाल : अनिल कपूर, अजय देवगन, माधुरी दीक्षित स्टार फिल्म 'टोटल धमाल' 22 फरवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 16.50 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म की कुल कमाई 154.23 करोड़ रही। इस फिल्म की खास बात ये रही थी कि फिल्म को ज्यादा अच्छे रिव्यूज नहीं मिले थे लेकिन बावजूद इसके फिल्म ने जमकर कमाई की। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है।
- सुपर 30 : 12 जुलाई 2019 को रितिक रोशन और मृणाल कुलकर्णी की फिल्म 'सुपर 30' रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 11.83 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने कुल 146.91 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में रितिक सुपर 30 के संचालक आनंद के किरदार में नजर आए थे।
- गली बॉय : रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की 'गली बॉय' 14 फरवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया एक दम अलग अंदाज में नजर आए थे। रणवीर ने फिल्म में जमकर रैप किया था। फिल्म ने पहले दिन 19.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी तो वहीं फिल्म की कुल कमाई 140.25 करोड़ रुपये थी। फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था।
- दे दे प्यार दे : अजय देवगन, रकुलप्रीत और तबु स्टार फिल्म दे दे प्यार दे 17 मई 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 10.41 करोड़ रुपए की कमाई की थी। वहीं फिल्म ने कुल कमाई 103.64 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म में अजय देवगन काफी वक्त बाद कॉमेडी करते नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन आकिव अली ने किया है।
- लुका छुपी : बॉलीवुड के चॉकलेट बॉय कार्तिक आर्यन की फिल्म 'लुका छुपी' भी 100 करोड़ क्लब में शामिल हुई थी। फिल्म में कार्तिक के साथ कृति सेनन नजर आई थीं। न सिर्फ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था, बल्कि फिल्म के गाने भी हिट रहे थे। फिल्म ने पहले दिन 8.01 करोड़ रुपए जबकि कुल 103.64 करोड़ की कमाई की थी।

ये फ़िल्में जो अपनी लागत भी नहीं निकाल सकीं 

- मलाल : शर्मिन सहगल, मीजान जाफरी, समीर धर्माधिकारी, अंकुश बिष्ट की फिल्म 'मलाल' 5 जुलाई को रिलीज हुई थी। फिल्म को मंगेश हडावले ने निर्देशित और टी-सीरीज और संजय लीला भंसाली ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म एक तमिल फिल्म का रीमेक थी। फिल्म से जावेद जाफरी के बेटे मीजान और संजय लीला भंसाली की भांजी शर्मिन ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म ने पहले दिन 45 लाख रुपए और कुल 2.54 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
- नोटबुक : जहीर इकबाल और प्रनूतन की फिल्म 'नोटबुक' 29 अप्रैल को रिलीज हुई थी। फिल्म को सलमान खान ने प्रोड्यूस और नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया था। फिल्म से मोहनीश बहल की बेटी प्रनुतन ने डेब्यू किया था। फिल्म ने पहले दिन महज 50 लाख रुपए की कमाई की थी। वहीं फिल्म का कुल कलेक्शन 3.72 करोड़ रुपए रहा।
- खानदानी शफाखाना : 2 अगस्त 2019 को सोनाक्षी सिन्हा और वरुण शर्मा की फिल्म 'खानदानी शफाखाना' रिलीज हुई थी। इस फिल्म के साथ ही रैपर-सिंगर बादशाह ने भी बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसका म्यूजिक तो हिट हुआ था! लेकिन, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई। खानदानी शफाखाना ने पहले दिन महज 75 लाख रुपए का कलेक्शन किया था। जबकि, कुल कमाई 3.83 करोड़ रुपए थी। इसका डायरेक्शन शिल्पी दासगुप्ता ने किया था।
- गेम ओवर : 14 जुलाई 2019 को तापसी पन्नू स्टार की फिल्म गेम ओवर रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन और लेखन अश्विन सरावनन ने किया था। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिलने के बाद भी यह बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई। गेम ओवर ने पहले दिन 38 लाख रुपये कमाए थे जबकि कुल कमाई 4.69 करोड़ रुपये रही थी।
- अर्जुन पटियाला : दिलजीत दोसांझ, कृति सेनन और वरुण शर्मा की फिल्म 'अर्जुन पटियाला' 26 जुलाई को रिलीज हुई थी। इसका म्यूजिक हिट था, लेकिन यह फ्लॉप साबित हुई। 'अर्जुन पटियाला' ने पहले दिन 1.25 करोड़ की कमाई की थी! जबकि, कुल कलेक्शन 6.62 करोड़ रुपए रहा था। इसका निर्देशन रोहित जुगराज ने किया था।
- वाय चीट इंडिया : इमरान हाशमी की फिल्म 'वाय चीट इंडिया' 18 जनवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म शिक्षा के बाजार के काले सच पर आधारित थी। इसका म्यूजिक दर्शकों को काफी पसंद आया था। लेकिन, फिल्म कुछ खास पसंद नहीं आई थी। इसने पहले दिन 1.71 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि कुल कलेक्शन 8.66 करोड़ था। 'वाय चीट इंडिया' का निर्देशन सौमिक सेन ने किया था।
- इंडियाज मोस्ट वांटेड : अर्जुन कपूर की फिल्म 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम साबित हुई थी। फिल्म 24 मई को रिलीज हुई थी। इसने पहले दिन 2.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। जबकि, फिल्म की कुल कमाई 11.90 करोड़ रही थी। इसके गाने भी दर्शकों को पसंद नहीं आए थे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार गुप्ता ने किया था।
- जबरिया जोड़ी : सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा स्टारर फिल्म 9 अगस्त को रिलीज हुई थी। इसका म्यूजिक तो लोगों को पसंद आया लेकिन फिल्म दर्शकों पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। फिल्म ने पहले दिन 2.70 करोड़ की कमाई की थी तो वहीं फिल्म ने कुल 16.33 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म का निर्देशन प्रशांत सिंह ने किया था।
- ठाकरे : बालासाहेब ठाकरे को बड़े पर्दे पर लाने का काम नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने किया था। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिले थे और साथ ही साथ फिल्म दर्शकों को पसंद भी आई थी। बावजूद इसके ठाकरे उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर पाई। यह 25 जनवरी 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 2.75 करोड़ रुपए की कमाई की थी। जबकि, कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 18.19 करोड़ का था। ठाकरे का निर्देशन अभिजीत पानसे ने किया था।
- एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा : सोनम कपूर, अनिल कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' से काफी उम्मीद लगाई जा रही थीं। यह उम्मीद पर खरी नहीं उतरी और बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर सकी। शैली चोपड़ा धार निर्देशित फिल्म ने पहले दिन 2.90 करोड़ की कमाई की थी। जबकि, फिल्म का कुल कलेक्शन 20.28 करोड़ रहा था। 
--------------------------------------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment