Monday 28 January 2019

सितारों की शादियों की रंगत से सराबोर रहा ये साल

- एकता शर्मा 

  बॉलीवुड के अपने अलग ही रंग है। 2018 के साल में जब बड़ी-बड़ी फिल्मों ने दर्शकों को निराश किया तो सालभर इन्हीं बड़े सितारों की शादियों की धूम मची रही। इस साल को 'सेलिब्रिटी वेडिंग ईयर' के रूप में भी याद किया जा सकता है। इस साल कई बड़े कलाकारों ने शादी रचाई! कुछ ने देश में तो कुछ ने विदेश में फेरे लिए। प्रियंका चोपड़ा, सोनम कपूर, दीपिका पादुकोण, रणबीर सिंह, नेहा धूपिया के अलावा साल के अंतिम महीने में बाद मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी शादी कर ली। इन सभी शादियों ने मीडिया में भी जमकर सुर्खियां बटोरीं। 
    साल की सबसे बड़ी और धमाकेदार शादी रही मुकेश अंबानी की बेटी ईशा और पिरामल ग्रुप के उत्तराधिकारी आनंद प‍िरामल की। ये शादी बेहद शाही अंदाज़ में हुई और इसमें देश, विदेश की कई नामी हस्तियां शामिल थी। 12 दिसंबर को ईशा और आनंद मुंबई में शादी के बंधन में बंधे। राजनीति और बिज़नेस की दुनिया के कई बड़े नाम ईशा की शादी में शामिल हुए। उदयपुर और मुंबई में हुए शादी के आयोजनों ने दुनियाभर में धूम मचा दी। देश-विदेश हर जगह के मीडिया ने भी इस शादी को भरपूर कवरेज दी। बॉलीवुड के कई सितारे इस शादी में न सिर्फ शामिल हुए, बल्कि जमकर नाचे भी और दूल्हे के पिरामल परिवार को खाना परोसने की रस्म भी अदा की। ईशा-आनंद की शादी इस साल की इंडिया की सबसे महंगी शादी भी मानी गई! 
   बॉलीवुड की सुपर हिट जोड़ी रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने लम्बी मोहब्बत के बाद कोंकणी और सिंधी रीति-रिवाज़ से 14 नवंबर को इटली के 'लेक कोमो' में शादी की। इस शादी में उनके परिवार और खास दोस्त ही शामिल थे। भारत आने के बाद दोनों ने बेंगलुरु और मुंबई में भव्य रिसेप्शन रखा, जिसमें बॉलीवुड और राजनीति की तमाम हस्तियों ने शिरकत की। इसी साल बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने भी विदेशी दूल्हे निक जोन्स से विवाह रचाया। एक दिसंबर को राजस्थान के उम्मेद भवन पैलेस में दोनों ने शादी की। इस शादी में भी सिर्फ दोनों के परिवार के लोग ही शामिल हुए। प्रियंका और निक ने हिंदू और क्रिश्चियन दोनों ही रीतियों से शादी की। इनके रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए। बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने 14 दिसम्बर को अपने पुराने दोस्त पी कश्यप के साथ फेरे ले लिए। पूरी दुनिया को सायना और पी कश्यप ने ही अपनी शादी के बारे में बताया, पर बुलाया चुनिंदा लोगों को। इस शादी के रिसेप्शन में दक्षिण के सितारे नागार्जुन और रकुल प्रीत जरूर दिखाई दिए थे। 
  अनिल कपूर की एक्ट्रेस बेटी सोनम कपूर अपने पुराने साथी बिजनेसमैन आनंद आहूजा से 8 मई को शादी के बंधन में बंध गईं। ये शादी सोनम की आंटी के घर बेहद सादगी से हुई। बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार सोनम की शादी में दिखाई दिए। राजनीति के दिग्गज अमर सिंह भी शादी के फंक्शन में नजर आए। एक गुमनाम शादी नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने की। 10 मई को हुई इस शादी में सिर्फ परिवार वाले शामिल थे, बाकी किसी को इस शादी की खबर तक नहीं थी। गुरुद्वारे में अंगद और नेहा ने सिख रीति-रिवाज़ से शादी की। 12 अक्टूबर को टीवी कलाकार प्रिंस नरूला और युविका चौधरी ने मुंबई में शादी की। इनकी शादी में सुनील शेट्टी, सोहेल खान, नेहा धूपिया और टीवी के कई कलाकार शामिल हुए। 
  साल के अंत की बड़ी शादी हुई कामेडियन कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ की। 12 दिसंबर को ये शादी जालंधर में हुई। शादी पंजाबी रीति-रिवाज़ों के साथ हुई। टीवी और फिल्म जगत के कई सितारों ने कपिल की शादी को अटेंड किया। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाक्षय की शादी भी चर्चा में रही। शादी से कुछ दिन पहले ही एक महिला ने उन पर यौन उत्पीडन का आरोप लगाया था और इस कारण ये शादी विवादों में आ गई थी। महाक्षय ने मदलसा शर्मा से शादी की। इन शादियों के हंगामे के बाद भी अभी तक सलमान खान की शादी न होना इस पूरे साल चर्चा में बना रहा!   
---------------------------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment